पंजाब के जालंधर में सोमवार को भीषण हादसा हुआ है। जालंधर में पठानकोट बाईपास पर स्थित रणवीर क्लासिक के पास भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। यहां एक ट्रक और एक कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के चिथड़े उड़ गए। कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रक से टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग कार में भी फंस गए। मृतकों को क्रेन की सहायता से कार से बाहर निकाला गया। कार में सवार लोगों के पास बचने का कोई मौका नहीं था। हादसे के समय कार में सवार छह लोग थे। इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसा डिवाइडर तोड़कर ट्रक के गलत दिशा में आने के कारण हुआ।

वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे किया गया और यातायात को सुचारू किया गया। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस घटना स्थल पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

























