पाकिस्तान ने वीरवार देर रात पंजाब के पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला और जालंधर में ड्रोन हमले किए, जिन्हें भारतीय डिफेंस सिस्टम ने तबाह कर दिया। पठानकोट एयरबेस और मामून कैंट के बाद रात में कई धमाके सुनाई दिए। वहीं, फिरोजपुर में भी काफी देर तक धमाके होते रहे। हालांकि दुश्मन देश के हमलों को भारतीय डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। वहीं, जालंधर के सुरानस्सी में सेना के आयुध डिपो को भी निशाना बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इसे नाकाम कर दिया गया। पंजाब में बॉर्डर के छह जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का समेत कपूरथला और चंडीगढ़ में भी ब्लैकआउट कर दिया गया। जालंधर के सुरानस्सी में भारतीय सेना के हथियार व गोला बारूद सुरक्षित हैं।
पाकिस्तान की तरफ से वीरवार रात को सुरानस्सी इलाके में ड्रोन हमला किया गया। हीरापुर व पत्तकड़कलां में धमाके की आवाज सुनी गई। सुरानस्सी आयुध भंडार के निकटवर्ती गांवों में करीब 50 धमाके सुने गए। कपूरथला में भी कई धमाके सुनाई दिए। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि एक ड्रोन गिरा दिया गया है। जालंधर में भारतीय सेना के व्रज कोर का मुख्यालय है और साथ ही पाकिस्तान की सीमा पर डटी बीएसएफ का फ्रंटियर हेडक्वार्ट भी है। वहीं, आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन भी है। जालंधर में एतिहयात के तौर पर ब्लैक आउट कर दिया गया है।

























