एक तरफ जहां स्वतंत्रता दिवस को लेकर पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर है। वहीं दूसरी तरफ बदमाश हथियारों से लैस होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वीरवार को होशियारपुर के टांडा उड़मुड़ में बदमाशों ने सरेआम एक प्रॉपर्टी डीलर को गोलियां मारी। टांडा इलाके में प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले युवक के ऑफिस में घुसकर बदमाशों उसे गोली मार दी। इस हमले में उक्त प्रॉपर्टी डीलर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के दुकानदारों ने उसे टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे होशियारपुर रेफर कर दिया। घायल की पहचान संदीप सैनी निवासी उड़मुड़ के रूप में हुई है।
संदीप सैनी अपने ऑफिस में अकेले बैठा था, तभी हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावर, जिनकी संख्या तीन बताई जा रही है, मौके पर ही घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार संदीप सैनी भारतीय स्टेट बैंक टांडा की मुख्य शाखा के पास अपने ऑफिस में मौजूद था। तभी एक व्यक्ति जिसने अपना चेहरा ढका हुआ था, उसके ऑफिस में आया और कुछ पूछने लगा। तभी उसका एक अन्य साथी जिसने अपना चेहरा ढका हुआ था वह भी अंदर आया और पिस्तौल निकालकर संदीप सैनी को गोली मार दी। एक गोली उसके हाथ से होते हुए उसके पेट में जा लगी। इस हमले में संदीप सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए और अब जालंधर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर टांडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।























