जालंधर के कस्बा करतारपुर में देर शाम एक युवक ने सरेआम सिविल अस्पताल में घुसकर अपनी सास के सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर रेफर कर दिया। संयोग से पत्नी पर चलाई दो गोलियां दीवार पर जा कर लगीं। गोली चलने की घटना के बाद सिविल अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। डीएसपी करतारपुर विजय कंवर पाल व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमनदीप सिंह मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। जानकारी के अनुसार ज्योति गांव ब्रह्मपुर की रहने वाली है। उसकी शादी कपूरथला के गांव औजला के सुखचैन सिंह से हुई है। उसका पति उससे मारपीट करता था। पिटाई के कारण ही वह सिविल अस्पताल करतारपुर में उपचाराधीन थी।

सोमवार शाम उसकी मां कुलविंदर कौर उसके साथ मौजूद थी, तभी उसका पति सुखचैन सिंह अचानक सिविल अस्पताल पहुंचा और अपनी पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सिर में गोली लगने से ज्योति की मां कुलविंदर कौर बिस्तर से जमीन पर गिर पड़ीं। सिविल अस्पताल में दाखिल मरीज अस्पताल स्टाफ दहशत में आ गया और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर हरप्रीत सिंह ने बताया कि गोली कुलविंदर कौर के सिर के आर-पार हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से जालंधर रेफर कर दिया गया है। डीएसपी विजय कवर के अनुसार आरोपी सुखचैन सिंह मौके से फरार हो गया, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here