पंजाब के मजीठा विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों भंगाली, धरीएवाल और मरड़ी कलां में जहरीली शराब ने तांडव मचा दिया। जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा सोमवार देर रात हुआ। आठ लोगों की माैत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है क्योंकि कई लोग गंभीर हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि लोगों ने अवैध कच्ची शराब का सेवन किया था।पुलिस ने संदिग्ध शराब विक्रेताओं की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।घटना के बाद राजनीतिक दलों ने भी सरकार पर निशाना साधा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है। सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।





















